पथराव मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर। खपरगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हिंसक विवाद और पथराव मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस निकाला गया।
सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी सन्नी ध्रुव (18), दुर्गेश पुरी गोस्वामी उर्फ गोगा (19), अभिजित नेताम उर्फ निखिल नेताम (19), करण कश्यप उर्फ बडू (23) और कन्हैया मरावी उर्फ मोटू (19) शामिल हैं। सभी आरोपी तिफरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना के दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी ठाकुर रामसिंह की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस उसके घर के अलावा रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों के यहां भी पहुंच रही है। हिंसक विवाद के बाद क्षेत्र का माहौल बिगाडऩे, अफवाह फैलाने या लोगों को उकसाने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रख रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट, पेज, ग्रुप और आईडी की निगरानी की जा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि कोई व्यक्ति विवाद से जुड़ी भडक़ाऊ सामग्री प्रसारित कर लोगों को उकसाने का प्रयास तो नहीं कर रहा है। पुलिस ने ऐसे दर्जनभर से अधिक सोशल मीडिया पेज, ग्रुप और आईडी को ब्लॉक कराया है, जिनसे विवादित या माहौल बिगाडऩे वाली सामग्री वायरल होने की आशंका थी।


