बिलासपुर में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 10 थानेदारों की बदली जिम्मेदारी
एसएसपी ने तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह को किया लाइन अटैच
बिलासपुर. जिले में पुलिसिंग को बेहतर बनाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने थानों के प्रभारियों में बड़ा बदलाव किया है। जारी आदेश में 10 निरीक्षकों सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह को लाइन अटैच किया गया है, जबकि कई थानों में नए प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला आदेश के अनुसार, तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी को सिविल लाइन भेजा गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से आए निरीक्षक सनीप रात्रे अब तारबाहर थाने की कमान संभालेंगे। सिविल लाइन के टीआई किशोर केंवट को सिरगिट्टी थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सिरगिट्टी के प्रभारी वाईपी सिंह को जिला विशेष शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। तोरवा थाने में निरीक्षक विवेक पांडेय को पदस्थ किया गया है। वे पहले सीएसपी सिटी कोतवाली कार्यालय में कार्यरत थे। जिला विशेष शाखा में पदस्थ निरीक्षक अजय साहू को बिल्हा थाने का प्रभारी बनाया गया है। बिल्हा के टीआई तोप सिंह नवरंग को सिटी कोतवाली भेजा गया है। यहां के पूर्व प्रभारी देवेश सिंह राठौर का जिले से बाहर तबादला हो चुका है।
चकरभाठा की जिम्मेदारी अनिल अग्रवाल को
निरीक्षक अनिल अग्रवाल को चकरभाठा थाने का प्रभारी बनाया गया है। वे पहले लाइन और एसपी कार्यालय में समंस-वारंट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से जुड़े कार्यों में पदस्थ थे। चकरभाठा के टीआई भावेश शेंडे को उनकी जगह भेजा गया है। वहीं, सहायक उपनिरीक्षक शोभनाथ यादव को जिला विशेष शाखा से सिरगिट्टी थाने में पदस्थ किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को थानों के कामकाज में सुधार और जवाबदेही बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।


