बालिका व मुड़ापार पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताई चिंता
कोरबा. कोरबा की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने जिले में हाल ही में हुए बालिका हत्याकांड और मुड़ापार में युवक की हत्या के मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सांसद ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ तिवारी से चर्चा कर बालिका हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और पुलिस को अचूक साक्ष्य जुटाकर प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए, ताकि दोषी को कठोरतम (फांसी की) सजा मिल सके। उन्होंने दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई। इसके साथ ही सांसद ने मुड़ापार हत्याकांड का जिक्र करते हुए क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की मुख्य जड़ सूखे नशे (ड्रग्स व प्रतिबंधित दवाइयां) पर प्रहार करने की बात कही। उन्होंने एसपी से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबारियों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे गंभीर अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।


