बदमाशों ने पुलिस आरक्षक को जमकर पीटा
सीपत थाना क्षेत्र का मामला, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर. बदमाश युवकों ने देर रात पुलिस आरक्षक का रास्ता रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की। जिससे उसे चोट आई है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सीपत पुलिस ने बताया कि ग्राम झलमला, शिव चौक निवासी आकाश डोंगरे पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर थाना रतनपुर में पदस्थ है। 13 सितंबर को वे थाना रतनपुर से ड्यूटी करके वापस अपने घर ग्राम झलमला आ रहे थे। रात 10.45 बजे ग्राम भिल्मी के कोटवार के घर के सामने मेन रोड पहुंचे थे। उसी समय आरोपी अमीत वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा रोड में खड़े थे और रास्ता रोककर अनिल रजक ने मारपीट शुरू कर दी। जिससे आरक्षक बाइक समेत गिर गए। इस बीच अमीत वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने मिलकर दोबारा मारपीट की। साथ ही बाइक में तोडफ़ोड़ किया। मारपीट की आवाज को सुनकर गांव के लोग पहुंचे। फिर सभी आरोपी फरार हो गए। मारपीट से आरक्षक के सिर, दाहिने आंख के पास, सीना, बाये हाथ के कोहनी, दाहिने हाथ के अंगूठा के पास, कमर, दाहिना पैर का घुटना में चोट आई है।


