तीजा तिहार के दौरान लोकल ट्रेनें बंद

 

छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना के कार्यकर्ता बिलासपुर स्टेशन पहुंचे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पारंपरिक एवं लोकपर्व तीजा-पोरा के दौरान कोरबा-रायपुर-दुर्ग के बीच चलने वाली लोकल यात्री ट्रेनों को 13 व 14 सितंबर को बंद करने के विरोध में छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना बिलासपुर द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन परिसर पर ज्ञापन नहीं लेने पर 2 घंटे स्टेशन मास्टर के कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन में स्टेशन मास्टर के उपलब्ध नहीं होने व किसी अन्य जिम्मेदार अधिकारी द्वारा ज्ञापन स्वीकार नहीं करने पर विवाद की स्थिति बनी रही। रेलवे अधिकारियों के इस रवैये से नाराज छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना के कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार पाली ने कहा तीजा छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों और छत्तीसगढिय़ा समाज का महत्वपूर्ण लोकपर्व है। इन दिनों बड़ी संख्या में लोग अपने मायके व गांवों तक आने-जाने के लिए रेल परिवहन पर निर्भर रहते हैं। ऐसे समय में नियमित लोकल ट्रेनों को बंद करना यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी पैदा करने वाला निर्णय है।

 

आंदोलन की दी चेतावनी
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन द्वारा मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना द्वारा रेलवे प्रशासन के विरुद्ध चरणबद्ध आंदोलन व विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेलवे प्रबंधन की होगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *