कलेक्टर-एसएसपी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

 

आवास, बिजली, पेयजल और पेंशन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोग

संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निरारकण के निर्देश

बिलासपुर. कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी  रजनेश सिंह ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर निराकरण की मांग की। कलेक्टर एवं एसएसपी ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत निरतू के सरपंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि ग्राम पंचायत निरतू एवं उसके आश्रित ग्राम अदराली में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी से अब तक पेयजल वितरण शुरू नहीं हुआ है। पानी टंकी बनने के बावजूद ग्रामीणों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। साथ ही निरतू के खाल्हेपारा में स्थापित ट्रांसफार्मर बंद होने की समस्या से अवगत कराया। संबंधित मोहल्लों में लगभग 180 परिवार निवासरत हैं, जिन्हें पर्याप्त बिजली व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली के खंभे लगाकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का आग्रह किया।
तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम चनाडोंगरी निवासी भोला कैवर्त ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी माता के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। माता की मृत्यु के बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होने और आवास निर्माण के लिए राशि की आवश्यकता होने के बावजूद अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने मामले की जांच कर आवास निर्माण की राशि दिलाने का अनुरोध किया। वहीं तिफरा निवासी कैलाश बाई ध्रुव ने अपने पुत्र का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की समस्या से अवगत कराते हुए प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानी दूर करने की मांग की।
बोदरी तहसील के ग्राम मुढ़ीपार के किसानों ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। किसानों ने बताया कि उन्होंने रबी फसल के लिए एचडीएफसी बीमा कंपनी के माध्यम से फसल का बीमा कराया था, लेकिन अब तक उन्हें बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बीमा राशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। चकराकुण्ड, चोरभट्ठी निवासी सोमेश कुमार वस्त्रकार ने शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे एवं निर्माण के संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि नेपाल वस्त्रकार द्वारा शासकीय भूमि पर मकान का निर्माण किया जा रहा है, जिससे उनका रास्ता अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा उचित कार्रवाई करने की मांग की। इसी प्रकार कपसियाखुर्द निवासी दिव्यांग पुन्नीराम साहू ने बताया कि उन्हें पहले दिव्यांग पेंशन की राशि मिल रही थी, लेकिन पिछले लगभग छह माह से पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है। इसके कारण उन्हें आजीविका चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित पेंशन राशि दिलाने का अनुरोध किया।
जनदर्शन में कलेक्टर एवं एसएसपी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आवास, पेयजल, बिजली, राजस्व से संबंधित, फसल बीमा, पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *