बांसाझाल व्यपवर्तन योजना : भू-अर्जन हेतु समाघात दल ने की अनुशंसा

बिलासपुर. जिले के रतनपुर तहसील के ग्राम बिरगहनी में बांसाझाल व्यपवर्तन योजना के डूबान क्षेत्र हेतु भूमि का अर्जन किया जाना है। सामाजिक समाघात दल ने ग्राम बिरगहनी में भू-अर्जन से पड़ने वाले प्रभाव का आंकलन किया।
मूल्यांकन में पाया गया कि बिरगहनी गांव में भू-अर्जन से 2 एकड़ भूमि प्रभावित हो रही है जिसका समाघात दल ने किसानों से भी सहमति लिया और पाया कि अर्जित भूमि से कोई मकान आदि प्रभावित नहीं हो रहा है और न ही किसी भी परिवार के विस्थापन की संभावना है। सामाजिक समाघात दल द्वारा यह पाया गया है कि अधोसंरचना पर कोई बाधा नहीं है तथा अधोसंरचना का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है। समाघात दल इस बात से संतुष्ट है कि जल संसाधन विभाग को जितनी भूमि की आवश्यकता है उतनी ही भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। समाघात दल ने ग्राम बिरगहनी तहसील रतनपुर के अंतर्गत जल संसाधन संभाग कोटा द्वारा बांसाझाल व्यपवर्तन योजना के डूबान क्षेत्र हेतु ग्राम बिरगहनी में रकबा 2 एकड़ भूमि का अर्जन लोकहित में किए जाने की अनुशंसा की है। ग्राम बिरगहनी में बांसाझाल व्यपवर्तन योजना अंतर्गत बांध कार्य पूर्ण होने से 4 ग्रामों बारीडीह, बछालीखुर्द, कुवांजाति एवं भैसाझार के किसानों को लगभग 375 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *