खरगे के बयान के विरोध में भाजपा ने फूंका पुतला

 

सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की मांग
बिलासपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा जिला बिलासपुर शहर और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए खरगे का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने राजनीतिक संवाद में शालीनता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद और आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को अपनी भाषा में संयम रखना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादित आचरण जरूरी है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक विरोध के बावजूद देश के प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक संवाद की गरिमा बनाए रखने के पक्ष में है। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, वैभव गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, देवेंद्र पाठक, नितिन पटेल, नीलेश सिंह ठाकुर, अमित सिंह, राहुल सिंह सहित भाजपा और युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *