पदयात्रा में तीन हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य, अमर अग्रवाल ने सौंपी जिम्मेदारी

31 अक्टूबर को गांधी चौक से निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
बिलासपुर.  भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 31 अक्टूबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से तीन हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने छह मंडलों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक अग्रवाल ने बताया कि पदयात्रा शनिवार दोपहर 2 बजे गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल से शुरू होगी। यहां से हटरी चौक, सिटी कोतवाली चौक, गोल बाजार, सदर बाजार, सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक और पोस्ट ऑफिस होते हुए यात्रा नेहरू चौक पहुंचेगी। वहां सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें वक्ता पदयात्रा के उद्देश्यों और संबंधित मुद्दों पर विचार रखेंगे। बैठक में मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों, संगठन प्रभारियों और सहप्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा करने को कहा गया। विधायक ने कहा कि बड़े संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और बूथ स्तर पर सक्रियता जरूरी है। सभी मंडलों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित जिला पदाधिकारी, मंडल प्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पदयात्रा को लेकर मार्ग, जनसंपर्क और आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *