निजी अस्पताल से लापता नव प्रसूता की झाडिय़ों में मिली लाश

 

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती हुई नव विवाहित युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसका शव आज दोपहर अस्पताल के पीछे एक निजी बाड़ी में झाडिय़ों के बीच फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र की रहने वाली मृतका कांता केवट को प्रसव के लिए कटघोरा स्थित जीवांश हॉस्पिटल, जेंजरा में भर्ती कराया गया था। लगभग 6 दिन पूर्व उसने ऑपरेशन से एक शिशु को जन्म दिया था, जो वर्तमान में आईसीयू में भर्ती है। गत 14 सितंबर की शाम करीब 7 बजे अचानक कांता केवट किसी को बिना बताए अस्पताल से कहीं चली गई। परिजनों और अस्पताल स्टाफ द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तस्वीर और विवरण के साथ आम नागरिकों से मदद की अपील करते हुए सूचना जारी की थी।

दुपट्टे के सहारे लटका रहा शव
मंगलवार की दोपहर को जानकारी मिली कि अस्पताल के पिछले हिस्से से करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर स्थित एक व्यक्ति की निजी बाड़ी में झाडिय़ों के झुरमुट के पास एक शव लटका हुआ है। दुपट्टे के सहारे लटके मिले इस शव की शिनाख्त अस्पताल से लापता हुई नव प्रसूता कांता केवट के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला खुदकुशी का है या किसी ने इस घटना को अंजाम देकर इसे आत्महत्या का रूप दिया है। फिलहाल, दोनों ही परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतका के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *