69वें उर्स के अवसर पर 28 नवंबर को होगा कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस एवं जलसा

 

बिलासपुर.  तेगी कमेटी, जोनल इकाई बिलासपुर द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी हज़रत तेग अली शाह रहमतुल्लाह अलैह के 69वें सालाना उर्स के मुबारक अवसर पर कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस (जलसा) 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं रूहानी कार्यक्रम आगामी 28 नवंबर 2026, शनिवार को स्थानीय ईदगाह मैदान, बिलासपुर में नमाज़-ए-ईशा के बाद आयोजित होगा। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित उलेमा-ए-दीन, मशायख़-ए-किराम, सज्जादानशीन, सूफी-संत एवं धार्मिक हस्तियों की विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव, मोहब्बत, इंसानियत और खानकाही परंपराओं के संदेश को आम लोगों तक पहुँचाना है। इस अवसर पर देश की कई प्रतिष्ठित धार्मिक हस्तियाँ अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाएँगी। इनमें प्रमुख रूप से हज़रत मोहम्मद अली क़ादरी तेगी, सुरकाही शरीफ से हज़रत मोहम्मद उस्मान रज़ा साहब, हज़रत मोहम्मद सैफुल्लाह अलीमी साहब (कोलकाता), हज़रत मुफ़्ती मोहम्मद आरिफ़ कुरैशी साहब (बरेली शरीफ), जनाब मुबारक हुसैन मुबारक साहब (गिरिडीह, झारखंड), जनाब ज़ाकिर इस्माइली साहब (बहराइच शरीफ) एवं जनाब कफील अम्बर साहब (कोलकाता) सहित अन्य प्रतिष्ठित धार्मिक हस्तियाँ शामिल रहेंगी। इस वर्ष के आयोजन का विशेष आकर्षण खानकाह-ए-सुरकाही शरीफ के सज्जादानशीन नशीन मोहम्मद अली क़ादरी तेगी साहब, मुजफ्फरपुर की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके आगमन को लेकर अकीदतमंदों एवं तेगी सिलसिले से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह है। तेगी कमेटी की ओर से इस आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। आयोजकों ने बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के तमाम अकीदतमंदों, धर्मप्रेमियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस रूहानी महफ़िल का हिस्सा बनें और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। यह आयोजन धार्मिक आस्था, आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। उक्त जानकारी तेगी कमेटी, जोनल इकाई बिलासपुर के सचिव मोहम्मद इब्राहिम ने संयुक्त रूप से दी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *