भाड़े में वाहन चलाने का झांसा देकर 30 ट्रक लेकर भाग गया ठग

 

वाहन मालिकों ने एसएसपी रजनेश से शिकायत की

बिलासपुर. शहर में भाड़े पर ट्रक चलवाने का झांसा देकर 30 वाहनों को लेकर आरोपी फरार हो गया है। वाहनों की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पीडि़त वाहन मालिकों ने एसएसपी रजनेश सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

उसलापुर स्टेशन के पास स्थित राधिका विहार (अल्का एवेन्यू रोड) निवासी शिवकुमार देवांगन ने अलग-अलग मालिकों से उनके ट्रक भाड़े पर चलवाने के लिया था। भरोसे में लेने के लिए उसने शुरुआती कुछ दिनों तक समय पर किराया दिया। इसके बाद एक-दो महीने का बिल एक साथ पास होने का बहाना बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। जब मालिकों ने अपने ट्रक वापस मांगे, तो आरोपी कभी शहर से बाहर होने तो कभी जल्द गाड़ी लौटाने की बात कहकर टालमटोल करता रहा। आरोप है कि इस दौरान वह मालिकों को फर्जी या पुरानी जीपीएस लोकेशन दिखाकर गुमराह भी करता रहा। कुछ समय बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया और उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पीडि़त जब उसके घर पहुंचे, तो उसकी पत्नी ने इस संबंध में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

पीडि़तों ने जब अपने स्तर पर खोजबीन की, तो पता चला कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी शिकार बनाया है और कुल 30 से अधिक ट्रक गायब हैं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि कुछ महीने पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाने में भी शिवकुमार देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *