हमेशा पूजा में चढ़ाएं देवताओं की पसंद का फूल
सनातन परंपरा में देवी-देवताओं की पूजा में सुगंध, श्रृंगार और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा पुष्प अर्पित करना बेहद शुभ माना गया है. यदि आप चाहते हैं कि आपके देवता शीघ्र प्रसन्न होकर अपनी कृपा बरसाएं तो आपको उनकी पूजा में कोई भी फूल चढ़ाने से पहले ये बातें जरूर जाननी चाहिए.
ईश्वर की पूजा में फूलों का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. पूजा में चढ़ाए गये फूल हमारी भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक होते हैं. तमाम तरह के पुष्पों की सुगंध से देवतागण शीघ्र ही प्रसन्न होते हैं, लेकिन इसे चढ़ाने के लिए भी हमारे यहां शास्त्रों में कुछेक नियम बताए गये हैं. हिंदू मान्यता के अनुसार कुछ देवताओं को कुछेक पुष्प बहुत ज्यादा प्रिय तो कुछेक नापसंद होते हैं. ऐसे में अपने आराध्य को मनाने के लिए उनकी पूजा में सिर्फ प्रिय पुष्पों को ही अर्पित करना चाहिए. आइए पूजा की पूर्णता और देवताओं की शोभा बढ़ाने वाले पुष्पों से जुड़ी जरूरी बातों को विस्तार से जानते हैं.
भगवान गणेश जी का प्रिय फूल
हिंदू मान्यता के अनुसार गणपति को गेंदा और गुड़हल का पुष्प अत्यधिक प्रिय है. इसी प्रकार गणपति की पूजा में कमल और गुलाब का पुष्प अर्पित करके आप उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं. गणेश जी की पूजा में तुलसी कभी नहीं चढ़ानी चाहिए.


