गणेश विसर्जन के बीच बवाल, तीन युवकों को चाकू मारा

बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान युवकों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान बदमाश युवकों ने तीन युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवकों को सिम्स में भर्ती कराया गया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी व सदस्य प्रतिमा विसर्जन करने निकले थे। वहां से लौटते समय बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। नशे में युवकों ने आपस में मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश युवकों ने सडक़ पर खड़े बन्नाक चौक स्थित महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर (24), माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव (22), निवासी माता चौरा समेत तीन युवकों ने विवाद करने से रोकने का प्रयास किया। तब आरोपियों ने चाकू से हमला कर तीनों को लहूलुहान कर दिया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को सिम्स भेजा गया। पुलिस ने नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक सहित अन्य युवकों को पकड़ लिया है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में किसी पुरानी रंजिश के बजाय नशे की हालत में विवाद बढऩे की बात सामने आई है।

जूना बिलासपुर में भी हुआ विवाद
गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हो गया। गोड़पारा और सरकंडा क्षेत्र से आए कुछ युवक किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *