डीपी लॉ कॉलेज के सीनियर छात्रों ने जूनियर को पीटा, रैगिंग का लगाया आरोप
सरकंडा पुलिस ने मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया
बिलासपुर। डीपी विप्र विधि महाविद्यालय के सीनियर व पूर्व छात्रों ने मिलकर एलएलबी फस्र्ट समेस्टर के नए छात्र के साथ जमकर मारपीट की। साथ ही कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। पीडि़त छात्र ने रैंगिग करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सरकंडा पुलिस ने मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कॉलेज के किसी टीचर से विवाद सीनियर छात्रों का विवाद हुआ। इसके बाद छात्र उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। सीनियर छात्रों ने तुषार पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया था। तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। छात्रों का कहना है कि सीनियर होने के नाम पर जूनियर छात्रों पर दबाव बनाना और बात नहीं मानने पर मारपीट करना गंभीर मामला है। बताया जा रहा है कि महेश साहू, अखिलेश समेत करीब दर्जनभर छात्रों ने तुषार को घेर लिया था। इनमें कॉलेज के वर्तमान छात्रों के साथ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। घटना के बाद जूनियर छात्रों में डर का माहौल है।
कॉलेज परिसर में पूर्व छात्र सक्रिय
मारपीट में ऐसे युवकों के शामिल होने का भी आरोप है, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि ये युवक अब भी कॉलेज परिसर में सक्रिय रहते हैं और छात्रों पर अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करते हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
कार्रवाई का लिया फैसला
प्राचार्य सुषमा तिवारी ने बताया कि कुछ पुराने छात्र चलती क्लास में घुसकर इंट्रोडक्शन लेने लगे थे। शिक्षक के मना करने के बाद वे प्रदर्शन करने लगे और छात्रों को जबरन प्रदर्शन में बैठने के लिए कह रहे थे। एक छात्र के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद तत्काल कॉलेज कमेटी की बैठक हुई।
मामला लॉ कॉलेज कैंपस का है। कॉलेज प्रबंधन ने छात्र के आवेदन पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। पीडि़त छात्र की शिकायत पर अपराध दर्ज किया है।
प्रदीप आर्य, टीआई सरकंडा


