कमिश्नर ने विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों की सुनी समस्याएं

बिलासपुर. संभागायुक्त श्री बी.एल.बंजारे ने कोटा क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर उन्होंने किसानों से भी रूबरू चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी एवं निराकरण के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कमिश्नर ने धान खरीदी केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था, किसानों के लिये पेयजल, छाया, प्रकाश, भुगतान, उठाव, बारदाना, तौल कांटा-बांट, हमाल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र के लिये स्वयं की जमीन होने की आवश्यकता महसूस की। इसके लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया। कमिश्नर श्री बंजारे सबसे पहले नेवरा धान उपार्जन केन्द्र पहुंचे। यहां पर उन्होंने माईश्चर मशीन से धान की नमी को देखा। नेवरा धान खरीदी केन्द्र में अब तक 45 लाख रूपये के 45 किसानों से 1924 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। इसी तरह भरारी धान खरीदी केन्द्र में बारदाने की कमी बताये जाने पर कमिश्नर ने तत्काल आपूर्ति करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कमिश्नर ने करगीखुर्द धान खरीदी केन्द्र में किसानों को दिए जा रहे टोकन को किसान पुस्तिका से मिलान करके देखा। वहीं बेड़ापाठ के किसान श्री कृष्ण कुमार यादव से चर्चा की। श्री यादव धान खरीदी के लिये सरकार की व्यस्था से अपनी संतुष्टि जाहिर की। धान के रेट के संबंध में आश्वस्त है कि उसे बोनस मिलेगा। एक साथ मिलने से जल्दी खर्च हो जाता है। करगीकला धान उपार्जन केन्द्र का भी कमिश्नर ने निरीक्षण किया। धूमा धान खरीदी केन्द्र में ग्राम तेंदुआ के किसान श्री देवचरण कुर्रे ने कमिश्नर को बताया कि पिछले 10 वर्षों से धान बेचते आया है। इस बार उसका नाम नहीं है। कमिश्नर ने उसे आवेदन देने के लिये कहा, जिससे कि उसका नाम जोड़ने के लिये नियमानुसार कार्यवाही की जा सके। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के ऐसे किसानों के प्रकरणों को परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करें।

संभागायुक्त ने तेन्दुआ, पाली एवं जूनापारा धान खरीदी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। पीपरतराई में लगभग 33 लाख रूपये के 56 किसानों से 135 क्विंटल, भरारी में 58 लाख रूपये के 76 किसानों से 3217 क्विंटल, धूमा मंे 20 लाख रूपये के 30 किसानों से 1136 क्विंटल, करगीखुर्द में 46 लाख के 68 किसानों से 2574 क्विंटल, करगीकला में 27 लाख के 55 किसानों से 96 क्विंटल, जूनापारा में 21 लाख के 32 किसानों से 73 क्विंटल एवं पाली धान उपार्जन केन्द्र में अब तक 19 लाख के 26 किसानों से 1060 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद थे।