एनसीआर में पुराने वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
हरियाणा में एनसीआर के पेट्रोल पंपों पर अब कैमरे यह तय करेंगे कि किस वाहन को ईंधन मिलेगा और किसे नहीं। जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों को पहली अक्तूबर से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई रोकने की तैयारी है। इससे पहले 30 सितंबर तक गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर के पेट्रोल पंपों पर 775 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को यहां बताया कि इन कैमरों से गुजरते ही वाहन का नंबर सिस्टम में दर्ज होगा और यह पता चल सकेगा कि वह निर्धारित जीवन-अवधि पूरी कर चुका है या नहीं। उन्होंने बताया कि कैमरे लगाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंजूरी दे चुके हैं। चारों जिलों में इस पूरी व्यवस्था पर करीब 41 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होंगे। एएनपीआर तकनीक का इस्तेमाल वाहन के नंबर की पहचान के लिए होगा। इसका मकसद ऐसे वाहनों को चिन्हित करना है, जिनकी निर्धारित जीवन-अवधि पूरी हो चुकी है और जो पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप नहीं हैं। विज के अनुसार सरकार का जोर केवल कैमरे लगाने पर नहीं, बल्कि पुराने वाहनों की पहचान और उन पर लागू पर्यावरणीय नियमों को जमीन पर उतारने पर है।


