गांवों का भ्रमण कर रोवर्स ने ग्रामीण समस्याओं को जाना, सेवा और संवाद का दिया संदेश

 

बिलासपुर, .डॉ.सोमनाथ यादव राज्य मुख्य आयुक्त छत्तीसगढ़ व रोवर स्काउट लीडर स्वामी विवेकानंद ओपन रोवर क्रू बिलासपुर के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद ओपन रोवर क्रू व मंगल पांडेय ओपन रोवर क्रू के सदस्यों ने ग्राम लिमतरी का भ्रमण कर सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता की। यह भ्रमण राष्ट्रपति पुरस्कार पाठ्यक्रम के अंतर्गत किया गया, जिसमें युवाओं ने ग्रामीण जीवन की विविध परिस्थितियों का समीप से अवलोकन कर संवेदनशीलता, सेवा और जागरूकता के मूल्यों को आत्मसात किया।
इस कार्यक्रम के लिए जिला मुख्य आयुक्त श्री चन्द्र प्रकाश बाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी/पदेन जिला आयुक्त स्काउट डॉ अनिल कुमार तिवारी एवं राज्य संगठन आयुक्त स्काउट श्री विजय कुमार यादव के मार्ग दर्शन एवं जिला मुख्यालय बिलासपुर से अनुमति प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत लिमतरी के सरपंच श्री राजकुमार यादव से अनुमति लेकर दोनों क्रू के रोवर्स ने सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में यह भ्रमण सम्पन्न किया। भ्रमण के दौरान रोवर्स ने ग्रामीण नागरिकों से संवाद कर उनके दैनिक जीवन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संसाधन, शौचालय उपयोग और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इन विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए रोवर्स ने सेवा भावना के साथ जनजागरूकता का संदेश भी दिया।
भ्रमण के दौरान रोवर्स ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याओं को नजदीक से जाना। साथ ही बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन और प्रेरणादायी विचारों से अवगत कराया गया। इस गतिविधि में प्रमुख रूप से रोवर लीडर शशांक विश्वकर्मा, रोवर चन्द्रशेखर पंकज, रोवर नितेश चंद्राकर, रोवर युगल विश्वकर्मा, रोवर तुषार विश्वकर्मा, रोवर अनुप रंजन चतुर्वेदी, रोवर कुलभूषण कुर्रे, यशवंत देवांगन एवं स्काउट मोहम्मद ग़यास खान सम्मिलित रहे।
गांव के नागरिकों ने भी इस पहल का हर्षपूर्वक स्वागत किया और अपनी समस्याएं साझा करते हुए स्काउट-गाइड संगठन के इस प्रयास की प्रशंसा की। यह भ्रमण न केवल एक शैक्षणिक क्रिया रहा, बल्कि यह नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को मजबूती प्रदान करने वाला एक प्रेरणास्पद अनुभव भी सिद्ध हुआ।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!