कांग्रेस नेता पर हमले की साजिश में फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तारी से बचने नेपाल भाग गया था आरोपी
बिलासपुर। कांग्रेस नेता पर हमला करने की साजिश में शामिल फरार मुख्य आरोपी दपीक तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भोपाल भाग गया था। शुक्रवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
तारबाहर पुलिस ने बताया कि शिशिर कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि बीते 4 जुलाई की सुबह 7 बजे अपनी पुत्री को स्कूल छोडऩे गया था। वापस घर आने के दौरान उसके पिता का फोन आया, जिन्होंने बताया कि वे लगभग 6.45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। उसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए व हाथ में डंडा, नुकीली वस्तु लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109, 55 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। साथ ही उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल की पहचान की गई। संदेहियों के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। प्रकरण में पूर्व में आरोपी नितिन टेकाम, विधि से संघर्षरत बालक, आरोपी आंचल साहिल, नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
नेपाल भाग गया था आरोपी दीपक
प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी निवासी वार्ड नं. 1, पटेराटोला, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निवासी की गिरफ्तारी के लिए तारबाहर पुलिस व साइबर टीम द्वारा लगातार तकनीकी जानकारी एकत्रित करते हुए संभावित ठिकानों पर निगरानी, दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से आरोपी नेपाल चला गया था। पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था।


