June 28, 2025
शेफाली जरीवाला की मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम से होगा खुलासा
मुंबई: ‘‘कांटा लगा” गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला (42) की शुक्रवार रात मृत्यु हो गई। अस्पताल के एक सूत्र ने यह जानकारी दी। शेफाली को उनके पति, अभिनेता पराग त्यागी उपनगरीय मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में लेकर आए थे। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, ‘‘उन्हें रात करीब 11:15 बजे अस्पताल लाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत लाया गया घोषित किया।” मुंबई पुलिस ने कहा कि उनकी मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मीडिया में आईं कई खबरों में दावा किया गया है कि शेफाली की मौत हृदयाघात से हुई। पुलिस ने कहा, “उनका शव अंधेरी में स्थित घर में मिला। पुलिस को शनिवार रात एक बजे सूचना मिली।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।” एक अधिकारी ने बताया कि ‘मोबाइल फोरेंसिक यूनिट’ और मुंबई पुलिस की एक टीम गोल्डन रेज़-वाई बिल्डिंग में स्थित अभिनेत्री के अपार्टमेंट पहुंची। शेफाली 2002 में ‘‘कांटा लगा” गाने से लोकप्रिय हुई थीं, जो 1972 की फिल्म ‘समाधि’ के लता मंगेशकर के एक पुराने गीत का रीमिक्स था।