हिमाचल में बारिश का कहर: भूस्खलन और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। रविवार शाम से हो रही मूसलधार बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे सड़कों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। सबसे अहम चंडीगढ़-मनाली हाईवे (NH-3) पर कई स्थानों पर मलबा गिरने और लगातार गिरते पत्थरों के कारण यातायात ठप है।
वैकल्पिक रास्ते भी बंद
काटौला-कमांद मार्ग, जो कि मंडी-कुल्लू के बीच एक वैकल्पिक रास्ता था, वह भी भूस्खलन और पानी भरने के कारण बंद हो गया है। प्रशासन ने मार्गों की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू किया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और अस्थिर भू-भाग राहत कार्यों में बाधा बन रहे हैं।
मंडी पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और नदी किनारे या भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहें। आपदा प्रतिक्रिया टीमें सतर्क हैं और मलबा हटाने के लिए मशीनरी तैनात कर दी गई है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। मंडी जिले में आम जनजीवन, परिवहन, संचार और आवश्यक सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हैं।