गणेश-दुर्गा प्रतिमाओं में केमिकल रंगों पर रोक, निगम ने मूर्तिकारों को चेताया

 

अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने मूर्तिकारों की बैठक ली

बिलासपुर। जिले में दुर्गोत्सव, गणेशोत्सव समेत कई त्योहार और उत्सवों के मौकों पर पारंपरिक रूप से बनाई जाने वाली मूर्तियों में पीओपी और रासायनिक रंगों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इसका उल्लंघन करने पर मूर्तिकारों पर 5 हजार रुपए या इससे अधिक जुर्माना या वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने शहर के मूर्तिकारों की बैठक बुलाकर स्पष्ट कर दिया कि, आस्था के साथ पर्यावरण की सुरक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। आगामी गणेश उत्सव, दुर्गोत्सव और विश्वकर्मा जयंती पर गढ़ी जाने वाली प्रतिमाओं में पीओपी, रासायनिक रंगों की जगह पर्यावरण अनुकूल मिट्टी का इस्तेमाल करें। इस बैठक में उन्होंने सभी मूर्तिकारों को प्रतिमा निर्माण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण मंडल और शासन की तरफ से निर्धारित गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।

मूर्तिकारों पर बड़ी जिम्मेदारी
अपर आयुक्त ने कहा कि मूर्तिकार समाज की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी कला के माध्यम से हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो जाती है कि प्रतिमा निर्माण की कला के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *