वन्य जीवों की देखभाल धैर्य और समर्पण की सेवा
कानन पेंडारी में वन्यप्राणी सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया
बिलासपुर. वन्यजीवों की देखभाल केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि निरंतर संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण की मांग करने वाली सेवा है। वन्यजीवों के स्वास्थ्य, भोजन, व्यवहार और सुरक्षा से लेकर उनके दैनिक रखरखाव तक की पूरी प्रक्रिया में किस प्रकार सावधानी और जिम्मेदारी बरती जाती है। ये बातें कानन पेंडारी के कर्मचारियों व वन्यजीव कीपरों ने अपने कार्यानुभव साझा करते हुए कहा।
वन्यप्राणी सप्ताह 2026 के अवसर पर कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन, बिलासपुर में जंगल तक फाउंडेशन के सहयोग से 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता व जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य वन संरक्षक ( वन्यप्रानी ) प्रियंका पांडेय व संचालक कानन पेंडारी गणेश यूआर के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वन्यप्राणी सप्ताह के तीसरे दिन जंगल तक फाउंडेशन के स्वयंसेवकों द्वारा कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन में कार्यरत वन विभाग के कर्मचारियों, वन्यजीव कीपरों व जू के अन्य कर्मियों के लिए विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वन्यजीवों की देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रतिदिन समर्पण के साथ कार्य करने वाले इन कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना और उनके अनुभवों को आमजन तक पहुंचाना रहा।


