बिलासपुर की डॉ. कुमुदिनी पटेल को राष्ट्रीय ‘वैद्य अनघा गोगटे युवा वैद्य पुरस्कार’

 

 

आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान एवं जनसेवा में योगदान के लिए पुणे में मिला सम्मान

बिलासपुर. शासकीय आयुर्वेद औषधालय सिंघरी (बिल्हा)में पदस्थ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी पटेल को राष्ट्रीय ‘वैद्य अनघा गोगटे युवा वैद्य पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। वैद्य गोगटे मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा 4 अक्टूबर को पुणे में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार ‘मानस रोग 3.0’ में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में डॉ. पटेल को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र, 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया गया।

डॉ. पटेल का चयन आयुर्वेद चिकित्सा में निरंतर सेवा, विद्धकर्म एवं अग्निकर्म के माध्यम से दर्द प्रबंधन, ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के आयोजन तथा शोध एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में योगदान के आधार पर किया गया। इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए वे देशभर से चयनित एकमात्र महिला आयुर्वेद चिकित्सक रहीं।

डॉ. पटेल ने इस उपलब्धि को भगवान धन्वंतरि एवं अपने गुरुजनों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान समाज के अंतिम व्यक्ति तक आयुर्वेद चिकित्सा सेवा पहुंचाने के उनके संकल्प को नई ऊर्जा देगा। उनकी उपलब्धि पर जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर वाई एस ध्रुव सहित विभागीय अधिकारियों, साथी चिकित्सकों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *