पत्नी पर जानलेवा हमला कर गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप, पति गिरफ्तार
एफआईआर के चंद घंटों में हिर्री पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर. हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पत्नी के साथ कथित रूप से जानलेवा मारपीट करने और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक (31) पर अपनी पत्नी सभ्या कौशिक के साथ हत्या की नीयत से मारपीट करने का आरोप है। घटना 29 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई गई है। मामले में 2 अक्टूबर को प्रार्थी आदित्य कौशिक, निवासी परसदा थाना चकरभाठा, ने हिर्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसके जीजा आशीष कौशिक ने उसकी बहन सभ्या के साथ मारपीट की, जिससे उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 303/2026 के तहत धारा 109 और 92 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा एवं प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी आशीष कौशिक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे 4 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत, आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप और जितेन्द्र कुमार जगत का विशेष योगदान रहा।


