विद्यालय में अमर्यादित आचरण पर सख्त कार्रवाई, शिक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश

 

 

जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रबंध समिति से 24 घंटे में मांगा कार्रवाई का प्रतिवेदन

बिलासपुर. कोटा विकासखंड के अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला, बेहरामुड़ा में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री चतरपाल सिंह राज के विरुद्ध गंभीर अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्राप्त शिकायतों, प्रारंभिक जांच प्रतिवेदनों और वायरल वीडियो में शिक्षक द्वारा 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शराब के नशे में विद्यालय परिसर में अभद्र एवं अमर्यादित आचरण किए जाने की पुष्टि हुई है। शासकीय हाई स्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य तथा संकुल शैक्षणिक समन्वयक के प्रतिवेदनों में शिक्षक द्वारा प्रधानमंत्री जी के संबंध में भी आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने का उल्लेख है। पत्र में इस आचरण को शिक्षक की गरिमा एवं शासकीय आचरण के विपरीत बताते हुए शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला कहा गया है। संस्था का प्रबंधन विद्यालय प्रबंध समिति के अधीन होने के कारण समिति को अनुदान प्राप्त संस्थाओं के नियमों एवं शासकीय प्रावधानों के तहत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्धारित समय में कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने पर समस्त वेतन भुगतान की कार्यवाही रोकने की चेतावनी भी दी गई है। इसकी जवाबदारी विद्यालय प्रबंध समिति की होगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *