72 घंटे ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मियों ने शांतिपूर्ण होली का त्यौहार मनाया
जिले में कोई बड़ी घटना नहीं हुई,
बिलासपुर। जिले में पुलिसकर्मी होली पर्व को लेकर 72 घंटे तक ड्यूटी पर रहे। सुबह से रात तक जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। होली के दूसरे दिन यानी गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने होली का पर्व मनाया। सुबह से पुलिस लाइन में जिले भर के अलग-अलग थानों के जवान पहुंचे। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस साल होलिका दहन के दूसरे दिन चंद्रग्रहण होने की वजह से रंगों की होली नहीं खेली गई। ऐसे में पुलिस को होली को लेकर होलिका दहन के दिन से रंगों की होली तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ी। ताकि जिले में किसी प्रकार की बड़ी घटना न हो। पुलिसकर्मियों ने करीब 72 घंटे ड्यूटी की। इससे शहर में शांतिपूर्ण होली का त्योहार मनाया गया। होली के अगले दिन गुरुवार को पुलिसकर्मी होली का पर्व मनाने के लिए सुबह से पुलिस लाइन में इक_ा हुए। यहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने रंग-गुलाल लगाकर होली का त्योहार मनाया। फिल्मी और होली गीतों पर जमकर थिरके। इसके अलावा पुलिस थानों में भी जवानों ने होली खेली। होली से पहले जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। सोमवार शाम से बुधवार रात तक पुलिस अफसर और जवान सडक़ों पर तैनात रहे। हर जगह निगरानी रखी गई, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। इसी सतर्कता के चलते शहर समेत जिले में होली शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।


