शादी के भोज के बाद 40 लोग बीमार
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह का सामूहिक भोज कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। भोज के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते गांव के दर्जनों लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत करने लगे। जानकारी के अनुसार करीब 40 लोग फूड पॉयजनिंग की चपेट में आ गए, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
घटना के बाद सभी बीमार लोगों को उपचार के लिए मस्तूरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और स्टाफ द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों में अधिकतर लोगों को उल्टी, लूज मोशन और पेट दर्द की शिकायत दर्ज की गई।
मस्तूरी के बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सामूहिक भोज के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद ग्रामीणों को तत्काल मस्तूरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज शुरु किया गया। उन्होंने बताया कि यह भोज गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान कराया गया था, जिसमें आसपास और बाहर के गांवों से भी रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे।
स्वास्थ्य केंद्र में दर्ज मरीजों की सूची के अनुसार लोगों को उल्टी, लूज मोशन और पेट दर्द की शिकायत के साथ भर्ती किया गया। रजिस्टर में दर्ज नामों में जीविका पैकरा, आशु पैकरा, भारती पैकरा, डॉली पैकरा, उर्वशी पैकरा, उत्तरा पैकरा, अनीता पैकरा, शिवानी पैकरा, जोहित माटी, भूमिका नागेश सहित कई अन्य मरीज शामिल हैं।


