मंगला और तालापारा क्षेत्रों का निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण

 

बाढ़ नियंत्रण कक्ष का किया निर्माण
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश शहर के नाली-नालों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो चुकी है। संभावित समस्या के निराकरण के लिए नगर पालिक निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निगम के अधिकारियों का आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान उन्होंने चौबे कॉलोनी, जोरापारा, बंधवापारा, सिम्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के बाजू स्थित क्षेत्र, मंगला, अभिषेक विहार, गंगानगर, हंसा विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग, तालापारा एवं भारती नगर सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों-नालियों की स्थिति एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि शहर में अब तक कहीं भी बड़े स्तर पर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। अधिकांश नालों एवं नालियों में वर्षा जल का प्रवाह सुचारु रूप से हो रहा है, जिससे नागरिकों को राहत मिली है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। नालों एवं नालियों की नियमित सफाई, सतत निगरानी तथा जलभराव की संभावित स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन स्थानों पर जलभराव की आशंका रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक संसाधन एवं अमला हर समय उपलब्ध रहे, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *