आईबीएम का बड़ा फैसला… अब नहीं मिलेगा अमेरिकी वीजा और ग्रीन कार्ड
वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम अपने परामर्श कारोबार में अधिकांश पदों के लिए अमेरिकी वीजा और ग्रीन कार्ड दिलाने की सुविधा बंद कर रही है। यह कंपनी का सबसे बड़ी इकाई है, जिसमें 1.5 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया जब अमेरिका स्थित कंपनियां कामकाजी वीजा के उपयोग और विदेशी कर्मचारियों पर निर्भरता को लेकर सरकार के बढ़ते दबाव का सामना कर रही हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ”आईबीएम कंसल्टिंग कौशल की कमी को पूरा करने के लिए अमेरिकी उच्च-कुशल वीजा कार्यक्रमों में भाग लेती है। पिछले कई वर्षों से यह भागीदारी घट रही है और जैसे-जैसे कौशल की उपलब्धता तथा ग्राहकों की जरूरतें बदली हैं, हमने आईबीएम कंसल्टिंग में ऐसे अधिकांश पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड दिलाने की सुविधा बंद करने का फैसला किया है।” हालांकि प्रौद्योगिकी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने अधिक विवरण नहीं दिया, लेकिन खबरों के मुताबिक प्रभावित कर्मचारियों को अमेरिका से बाहर किसी अन्य देश में स्थानांतरित होने या वर्ष के अंत तक कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया गया है। पेशेवरों के गुमनाम चर्चा मंच ‘ब्लाइंड’ पर कर्मचारियों के पोस्ट के अनुसार कुछ प्रभावित कर्मचारियों को निर्णय लेने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय दिया गया है।


