शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: आयुक्त
आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा
बिलासपुर. नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर निगम के सभी जोन के सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड सुपरवाइजरों व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी गंदगी, कचरे का जमाव या साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की कमी नजर नहीं आनी चाहिए। शहर की सभी सडक़ें, सार्वजनिक स्थल, चौक-चौराहे, मोहल्ले और गलियां स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई देने चाहिए। स्वच्छता कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम कमिश्नर ने नालियों की नियमित व समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नालियों से निकलने वाली गाद और अपशिष्ट को तत्काल हटाया जाए। सफाई के बाद निकले कचरे का समय पर उठाव हो, ताकि वह दोबारा गंदगी का कारण न बने। उन्होंने सफाई ठेका एजेंसी लायन सर्विसेज को निर्देशित किया कि मुख्य सडक़ों से लेकर मोहल्लों और गलियों तक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सफाई कराई जाए। साथ ही सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए। बैठक में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर भी निगम कमिश्नर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग के साथ व्यापक आईईसी (जनजागरूकता) गतिविधियां संचालित की जाएं।
अपार्टमेंट व कॉलानीवासी पर होगी कार्रवाई
उन्होंने विशेष रूप से अपार्टमेंट और कॉलोनियों में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ऐसे कई स्थानों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जहां रहवासियों द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को कचरा नहीं दिया जा रहा है। सहयोग नहीं करने वाले अपार्टमेंट एवं कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
सडक़ पर मलबा डंप करने वालों पर नजर रखें
निगम कमिश्नर ने सडक़ों, सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण, विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री और मलबे का अनाधिकृत रूप से सडक़ों पर पड़ा रहना शहर की स्वच्छता और सुंदरता को प्रभावित करता है। ऐसे मामलों में नियमित निगरानी कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।


