गांधी चौक और कोतवाली क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर 16 दुकानों का चालान

खाद्य, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वसूला 2,800 रुपये जुर्माना

बिलासपुर. राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बिलासपुर के गांधी चौक और कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को संयुक्त टीम ने दुकानों का निरीक्षण किया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 16 दुकानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर कुल 2,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
टीम ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 4 एवं 6 के तहत चालान किए। निरीक्षण के दौरान तंबाकू उत्पाद बेचने वाली कुछ दुकानों में माचिस और लाइटर भी उपलब्ध पाए गए। टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक का पालन करने के निर्देश दिए। चाय दुकानों, भोजनालयों और होटलों के संचालकों को भी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान की रोक से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *