बिलासपुर के विकास कार्यों को मिली 38.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति, 145 कार्यों को मिलेगी गति

 

विधायक अमर अग्रवाल की पहल से विधायक निधि के 67 लाख रुपये के पांच विकास कार्य भी स्वीकृत
बिलासपुर. शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर को अधोसंरचना मद के अंतर्गत 145 विकास कार्यों के लिए 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों को गति मिलेगी।

वहीं, विधायक अमर अग्रवाल द्वारा विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर के विकास के लिए विधायक निधि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 67 लाख रुपये के पांच महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 गीतांजलि विहार में शिव मंदिर के पास शेड एवं अन्य निर्माण के लिए 7 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 26 में भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तृतीय तल पर हॉल एवं दो कमरों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 44 शंकर नगर में ईशिता पार्क के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 67 सरकंडा लोधीपारा में सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये शामिल हैं। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 3, 4, 5, 6 एवं 8 में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर के समग्र विकास और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधोसंरचना विकास के लिए मिली यह स्वीकृति शहर के विकास को नई गति प्रदान करेगी। जनआवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बिलासपुर को बेहतर बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *