अश्लील वीडियो और एफआईआर का डर दिखाकर शिक्षिका से 76,500 की साइबर ठगी
खुद को अधिकारी बताकर बदनाम करने की दी धमकी
बिलासपुर। शहर में साइबर ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन क्षेत्र की एक 42 वर्षीय महिला शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 76,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 4 जुलाई की दोपहर महिला शिक्षिका के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने वाली है। आरोपी ने वीडियो वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी भी दी। बदनामी के डर से घबराई शिक्षिका ने आरोपी द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन कर फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 76,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने 28,993.13 रुपये की राशि होल्ड करा दी। इसके बाद महिला ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक, जो खुद को सुनील बता रहा था, के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


