करील तोडऩे गए युवक पर बाघिन ने किया हमला, मौत
वन विभाग की टीम मामले की कर रही जांच
बिलासपुर। अचानकमार टाईगर रिजर्व जंगल के अंदर करील तोडऩे गए युवक पर शेरनी ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जांच करने मौके पर पहुंची। इस घटना से ग्रामीणों के बीच हडक़ंप मच गया है।
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा निवासी धरमदास घृतलहरे पिता राजेंद्र घृतलहरे (21)अपने अन्य साथियों के साथ जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में करील काटने और पीहरी लेने गया था। सभी युवक अलग-अलग हिस्सों में बंटकर पहाड़ के आसपास करील तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक शेरनी ने धरमदास की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच आचानक धरमदास की तेज आवाज सुनाई दी। साथ ही शेरनी की दहाडऩे की आवाज भी आई। आवाज सुनकर अन्य युवक जान बचाते हुए भागकर गांव पहुंचे। फिर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। हमले के बाद वन्यजीव ने शव को भी नुकसान पहुंचाया है।
घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता यह है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद बताई जा रही है। इसके चलते ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है।


