जिले में अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई

 

 

लगातार बारिश होने के कारण किसान परेशान

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में लगातार बारिश हो रही है। यहां अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, लेकिन मुंगेली जिले ने बारिश के मामले में बिलासपुर को पीछे छोड़ दिया है। बिलासपुर में अब तक 832.8 मिमी, जबकि मुंगेली में 949.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मुंगेली में सामान्य से करीब 34 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

सोमवार को भी जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। बिलासपुर शहर में सुबह 1 मिमी और शाम को 7.2 मिमी, यानी कुल 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मुंगेली जिले के लोरमी में करीब 60 मिमी, लालपुर थाना क्षेत्र में 50 मिमी और पंडरिया में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, पटियाला, बरेली, वाराणसी, डाल्टनगंज और जमशेदपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय रही। एक अन्य द्रोणिका बंगाल की खाड़ी से लगे गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई थी। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है।

ज्यादा बारिश वाले पांच जिलों में मुंगेली
प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश वाले जिलों में मुंगेली भी शामिल है। मुंगेली में अब तक 949.1 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश करीब 706.1 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह यहां सामान्य से करीब 34 प्रतिशत अधिक पानी गिर चुका है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से करीब 49 प्रतिशत, बलरामपुर में 43 प्रतिशत, महासमुंद में 22 प्रतिशत और बलौदाबाजार में 21 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *