जीजीयु में पेपर लीक के बाद बड़ा एक्शन, बीएएलएलबी के छठवें सेमेस्टर की परीक्षा रद्द
27 जुलाई से फिर होगी परीक्षा
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट के बाद विश्वविद्यालय का फैसला
छात्र भड़के, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में बहुचर्चित बीए-एलएलबी पेपर लीक मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मई में आयोजित बीए-एलएलबी छठवें सेमेस्टर की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने अब 27 जुलाई से दोबारा परीक्षा कराने का री-शेड्यूल जारी किया है। परीक्षा रद्द होने और पुनर्परीक्षा की सूचना मिलते ही लॉ विभाग के छात्र-छात्राओं में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन पहुंच गए। छात्रों ने पुनर्परीक्षा के फैसले पर सवाल उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा में गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई की जाए, लेकिन इसकी सजा सभी विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देकर नहीं दी जानी चाहिए। छात्रों ने पुनर्परीक्षा संबंधी अधिसूचना वापस लेने की भी मांग की। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश में अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए 7 मई से 28 मई के बीच आयोजित बीए-एलएलबी छठवें सेमेस्टर की परीक्षा को निरस्त किया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार अब परीक्षा 27 जुलाई से दोबारा आयोजित की जाएगी। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जिस फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है, उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी के लिए छात्रों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।


