नशे के खिलाफ युवा बनें जनआंदोलन का नेतृत्वकर्ता : अरुण साव
गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में “नशा मुक्त युवा विकसित भारत 2.0” अभियान का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से जुड़े लाखों युवा
बिलासपुर। नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं माय भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विश्वविद्यालय के रजत जयंती सभागार में “नशा मुक्त युवा विकसित भारत 2.0” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि “विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारा युवा नशे से मुक्त, स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित होगा। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। आज प्रत्येक युवा को नशा मुक्त भारत अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनकर अपने गांव, शहर और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन का भी केंद्र है। विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास ही वास्तविक शिक्षा है। नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान युवाओं को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, नवाचार, खेल और समाज सेवा में लगाएंगे तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त होगा। प्रत्येक युवा को इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक , रैली एवं रक्तदान शिविर का विशेष आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल,नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए.के. दीक्षित,माय भारत के उप निदेशक नितिन शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर राजेंद्र मेहता ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र छात्राएं,माय भारत स्वयंसेवकों, माय भारत यूथ क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS)राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC)भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (BS&G) स्काउट-गाइड खेल एवं युवा कल्याण विभाग खेलो इंडिया विभिन्न महाविद्यालयों, से लगभग एक हजार युवाओं ने सहभागिता की । कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ ली तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। आयोजन में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में दो दर्जन से अधिक युवाओं और प्राध्यापकों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं माय भारत बिलासपुर के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। उपस्थित अतिथियों ने इस अभियान को केवल एक दिवसीय कार्यक्रम न मानते हुए इसे जनभागीदारी से जुड़े सतत सामाजिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


