महानदी का तट पर एक लाख दीपों की रोशनी

 

महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल, अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए

जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम शिवरीनारायण का महानदी घाट एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। शाम 7 बजे आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में महानदी तट पर एक साथ एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की कतारों से पूरा घाट रोशनी से नहा उठा। कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, महंत रामसुंदर दास, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम भी कार्यक्रम में शामिल हुए। एक लाख दीपों के प्रज्वलन के साथ महानदी घाट पर महाआरती का आयोजन भी किया गया। विधि-विधान से हुई महाआरती के दौरान पूरा घाट श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। एक-एक दीप सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिले के प्रमुख स्थलों पर भी हुआ दीप प्रज्वलन
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। लोगों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की। आयोजकों के अनुसार दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *