बॉयफ्रेंड के खाते में पैसे ट्रांसफर करने बालिका ने परिजन पर बनाया दबाव
सिविल लाइन पुलिस ने बालिका को समझाने का किया प्रयास
बिलासपुर। 17 वर्षीय नाबालिग लडक़ी ने अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के लिए अपने परिजन पर दबाव बनाया। जब पैसा ट्रांसफर नहीं किया गया तो वह अपने छोटे भाई को कमरे में बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उसे धक्का देकर खोला गया और लडक़ी व उसके छोटे भाई को बाहर निकाला गया।
शनिवार की रात नाबालिग लडक़ी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। उसके साथ करीब १२ साल छोटा भाई भी कमरे के अंदर था। लडक़ी परिवार से अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की मांग कर रही थी। परिजनों ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने छोटे भाई को कमरे में बंद रखने के साथ उसे जान से मारने की धमकी देने लगी। मामले की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले नाबालिग को समझाकर दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने नाबालिग को काउंसलिंग के लिए सखी सेंटर भेजा है।
बॉयफ्रेंड का दबाव या ब्लैकमेल
पुलिस का कहना है कि नाबालिग अपने बॉयफ्रेंड के खाते में पैसे जमा कराने के लिए इतनी मजबूरी की स्थिति में क्यों पहुंच गई। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले युवक और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं नाबालिग को कोई ब्लैकमेल या किसी तरह का दबाव तो नहीं दिया जा रहा था। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


