गणेश विसर्जन के लिए पचरी घाट, हैप्पी स्ट्रीट और छठ घाट आरक्षित, गाइडलाइन जारी
झांकी, शोभायात्रा, जुलूस के दौरान आम नागरिक नहीं होंगे प्रभावित
समस्त गणेश उत्सव समिति के सदस्यों को पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने की गई अपील
बिलासपुर. यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा नगर में होने वाले गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षित व शांतिपूर्वक गणेश विसर्जन के लिए विस्तृत रूट प्लान तैयार की गई है। इस के लिए समस्त गणेश उत्सव समिति के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, जिले के प्रबुद्धगणों के साथ बैठक कर सुरक्षित आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए सडक़ सुरक्षा के सभी आयामों पर व्यापक चर्चा की गई।
पिछले साल की भांति इस वर्ष भी शहर के पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट, छठ घाट सरकंडा को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए आरक्षित की गई है। यहां पर आने वाले प्रमुख मार्गो में आवश्यक व्यवस्था करते हुए इस मार्ग में आने वाले कनेक्टिंग रोड को डाइवर्ट की गई है, ताकि आम नागरिकों को गणेश झांकी, शोभायात्रा, जुलूस, गणेश विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। परिवर्तित मार्ग से आम नागरिक गण अपने-अपने गंतव्य की ओर सुचारू तरीके से आवागमन कर सके। सरकंडा, मोपका आदि क्षेत्र से आने वाले समस्त जुलूस, झांकियों को छठ घाट में जाकर गणेश प्रतिमांओं के विसर्जन करने अपील की गई है। वहीं शहर के कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा आदि शहरी क्षेत्र से होकर आने वाले गणेश प्रतिमाओं को पचरी घाट में विसर्जन के लिए अवगत कराया गया।
समिति रखेंगे वालंटियर
इस दौरान ज्यादा से ज्यादा संख्या में शोभा यात्रा व जुलूस के लिए गणेश समिति को अपने-अपने वालंटियर भी तैयार रखने के लिए समझाइश दी गई है। अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यातायात के जवानों के सहयोगी के रूप में स्वयं सेवकों एवं वॉलिंटियरों के द्वारा भी भीड़ को व्यवस्थित करेंगे। आम नागरिकों को इस दौरान किसी भी प्रकार यातायात अवरोध का सामना न करना पड़े।
यहां से निकलेगी शोभायात्रा, झांकी, जुलूस
गणेश विसर्जन के लिए शोभायात्रा झांकी जुलूस के लिए देवकीनंदन चौक राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट, गांधी चौक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यहां पर पर्याप्त संख्या में यातायात, पुलिस बल तैनात की गई है। इस प्रमुख मार्ग में जुडऩे वाले प्रमुख कनेक्टिंग मार्गों को परिवर्तित की गई है।


