टीआई के उत्कृष्ट विवेचना से हत्या के तीन आरोपियों को मिली सजा
आपसी विवाद पर ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या की गई थी
बिलासपुर। आपसी विवाद होने पर आरोपियों ने मिलकर ग्रामीण की जमकर पीटाई कर दी थी। जिससे ग्रामीण की मौत हो गई। इस मामले में सकरी थाना के तत्कालीन टीआई दामोदार मिश्रा ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। टीआई की उत्कृष्ट विवेचना से दो साल बाद तीन आरोपियों को आजीवन करावास की सजा हुई है।
4 अगस्त 2024 की शाम सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदा निवासी रामायण सूर्यवंशी के घर के सामने दो युवकों के बीच विवाद हो रहा था। रामायण सूर्यवंशी ने दोनों को घर से बाहर निकलकर विवाद करने से मना किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी राजेश सूर्यवंशी, योगेश सूर्यवंशी और रामकुमार सूर्यवंशी ने रामायण सूर्यवंशी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने मामले से बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके विरुद्ध ठोस साक्ष्य जुटाकर चालान न्यायालय में पेश किया। प्रकरण की विवेचना विवेचक दामोदर मिश्रा द्वारा गंभीरता और बारीकी से की गई। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य तथ्यों को व्यवस्थित रूप से संकलित कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते अभियोजन पक्ष आरोपियों के विरुद्ध आरोप प्रमाणित करने में सफल रहा।
जिला न्यायालय में हुई सुनवाई
29 सितंबर को पंचम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश छाया सिंह ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी राजेश सूर्यवंशी (35), योगेश सूर्यवंशी, (23), रामकुमार सूर्यवंशी (50) को हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया। आरोपियों को आजीवन कारावास व प्रत्येक को 100-100 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
लगातार प्रशिक्षण से मिली सफलता
बिलासपुर पुलिस द्वारा बेहतर विवेचना करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके परिणाम स्वरुप विवेचक व टीआई दामोदर मिश्रा को आरोपियों को सजा दिलवाने में सफलता मिली है। गंभीर अपराध के आरोपियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा मिली है।


