इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर आयकर का छापा


बिलासपुर.   बिलासपुर संभाग के प्रमुख इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के निवास और कारोबारी प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। वहीं रायगढ़ में भी कारोबारी गतिविधियों से जुड़े ठिकानों पर जांच की सूचना है। बुधवार सुबह केंद्रीय आयकर विभाग ने एक साथ कई जिलों में बड़ी कार्रवाई शुरू की। सुबह सूरज निकलने से पहले शुरू हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है।

बताया जा रहा है कि छह गाड़ियों में पहुंची 15 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम कार्रवाई में शामिल है। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में पहुंचते ही कारोबारी दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा की जांच शुरू कर दी। विभाग की टीम ने विद्यानगर स्थित कारोबारी के निवास प्रकाश कुंज और व्यापार विहार स्थित उनकी फर्मों में एक साथ जांच शुरू की। मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट और हनुमान हार्डवेयर सहित अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों में टीम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
जयप्रकाश मित्तल का इस्पात कारोबार बिलासपुर संभाग में बड़े कारोबारी नेटवर्क के रूप में जाना जाता है। शहर में विभिन्न फर्मों के संचालन के अलावा बिल्हा क्षेत्र के मोहड़ा में उनकी बड़ी औद्योगिक इकाई भी संचालित होने की जानकारी है। रायगढ़ की एक इस्पात कंपनी से भी उनके कारोबारी संबंध बताए जा रहे हैं।वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में रायगढ़ में भी आयकर विभाग की टीम के सक्रिय होने की खबर है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *