गैंगरेप के बाद रॉक गार्डन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर पर्यटक की होगी पहचान
शराब और नशीली सामग्री लेकर प्रवेश पर रोक
वनकर्मियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश
रायगढ़। बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में हुई गैंगरेप की घटना के बाद पुलिस ने सार्वजनिक पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को खरसिया एसडीओपी सतीश कुमार भार्गव ने पुलिस टीम के साथ रॉक गार्डन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वन विभाग के कर्मचारियों को पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि गार्डन में प्रवेश करने वाले प्रत्येक पर्यटक का नाम और पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। बिना जानकारी दर्ज किए किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही शराब, नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर गार्डन में आने पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीओपी ने वनकर्मियों को गार्डन परिसर में नियमित पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल पर आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस और वन विभाग दोनों की जिम्मेदारी है। इसके लिए कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करनी होगी।
दुकानदारों को भी दी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने गार्डन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी जायजा लिया। दुकानदारों को शराब और किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
एसडीओपी ने वनकर्मियों को बताया कि पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन का बल भी तैनात रहा और पर्यटकों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।


