डोमाडीह के युवक का तालाब में डूब कर हुई मौत के मामले में प्रशिक्षु थाना प्रभारी हसौद जयराम साहू निलंबित
सक्ती। जिला के थाना क्षेत्र हसौद के अंतर्गत थाना प्रभारी के रूप में प्रषिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू दिनांक 22 नवंबर दिन रविवार की रात्रि में गस्त पर थे कि उनको ग्राम डोमाडीह में तालाब के पास जुआ खेलने की सूचना मिलने पर बिना वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिये अकेले जुआ रेड करने मौके पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी व पुलिस को आते देखकर जुआरी भाग गये। जिसमें से एक व्यक्ति तालाब में कूद गया। बाद में जानकारी मिली कि कूदने वाले व्यक्ति का नाम महेश केंवट पिता बिहारी लाल केंवट उम्र 38 वर्ष ,पता डोमाडीह है । जो वापस घर नहीं आया। जिला सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने इसे प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू की गंभीर लापरवाही माना एवं दिनांक 24.11.2026 को जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाईन सक्ती में अटैच किया है।
प्रकरण की जांच के आदेश पारित करते हुये प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डभरा/ चन्द्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 25 नवंबर दिन बुधवार को सुबह लगभग 5:00 बजे ग्रामीणों ने आम निस्तार के लिए तालाब पहुंचने के बाद देखा कि उक्त महेश केवट नामक युवक का शव इस तालाब में तैर रहा था। इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई मौके पर पुलिस अधिकारी अपने टीम के साथ पहुंचे। इसके बाद सुबह 9:00 से ही ग्राम डोमाडीह के ग्रामीणों ने चंद्रपुर से बिलासपुर राज्य मार्ग पर घिवरा और मल्दा के बीच में अपने गांव के मोड पर चक्का जाम कर दिए। चक्का जाम की सूचना पाकर तत्काल अपर कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइए देने में लग रहे। लेकिन ग्रामीण मृतक के परिजन चक्का जाम हटाने को तैयार नहीं हो रहे थे। तब शासन प्रशासन के अधिकारियों ने तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 20000 दिए। और इसके साथ ही दशकर्म से पहले 400000 देने की घोषणा की है । इसके साथ ही प्राकृतिक आपदा के तहत 400000 और मिलेगा । कुल मिलाकर 800000 देने की बात पर चक्का जाम कर रहे ग्रामीणों ने बात मान लिया है।लगातार 7 घंटे तक चक्का जाम चला ,इसके बाद चक्का जाम समाप्त होने पर आवागमन सुचारू से चालू हुआ।


