लिंगियाडीह से गायब हुई 3 साल की बच्ची की जानकारी पार्षद प्रतिनिधि ने पुलिस को दी

बिलासपुर.लिंगियाडीह पुरानी बस्ती स्थित दस खोलिया से 3 साल की गरिमा खेलते खेलते अचानक गायब हो गयी है। खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस और स्थानीय लोग बच्ची की तलाश कर रहे हैं।
पुरानी बस्ती लिंगियाडीह में एक बच्ची शाम को यकायक गायब हो गयी। बच्ची का नाम गरिमा यादव है। बच्ची के पिता का नाम धर्मेन्द्र और माता का नाम सुनीता यादव है। धर्मेन्द्र ने बताया कि तीन साल की गरिमा घर के पास ही खेल रही थी। इसी बीच यकायक गरिमा गुम हो गयी । उसकी मां का हाल बेहाल है। घटना करीब शाम पांच बजे की है। आस पास के लोगों ने बताया कि 3 साल की गरिमा यादव अपने घर के बाहर बड़ी बहन गौरी के साथ खेल रही थी।
गौरी की उम्र करीब 5 साल है। इसी बीच दोनों बहनों के बीच झगड़ा हो गया। गौरी नाराज होकर घर के अंदर चली गयी। गरिमा अकेले ही खेलने लगी। इसके बाद कहां गायब हो गयी किसी को पता नहीं है। जानकारी के बाद माता पिता कुछ देर गरिमा को ढूढते रहे। मामले की जानकारी स्थानीय पार्षद विजय केशरवानी के प्रतिनिधि को हुई। केशरवानी के प्रतिनिधि कृष्णा चन्द्राकर ने मामले की जानकारी तत्काल सरकन्डा पुलिस को दी है। कृष्णा चन्द्राकर ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गरिमा की पड़ताल कर रही है।अभी तक गरिमा यादव की कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मोहल्ले वाले भी गरिमा को ढूंढ रहे हैं। इसके अलावा अन्य संभावित जगहों में भी गरिमा की तलाश की जा रही है। फिलहाल माता की हालत खराब है।