विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल हुए अमर अग्रवाल, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को बताया जनविश्वास की जीत
बिलासपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री अमर अग्रवाल शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार माननीया श्रीमती सावित्री ठाकुर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, विधायक श्री धर्मजीत सिंह, श्री भूपेंद्र सवन्नी, श्री राजा पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना विकास, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, इन 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का संकल्प है। हम सभी की सहभागिता से भारत को विश्व की अग्रणी और विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


