जैविक खेती से आत्मनिर्भर कृषि और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव : अमर अग्रवाल 


बिलासपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने अग्रसेन चौक स्थित श्री शिवम मॉल में नवप्रारंभित दक्षिणेश्वरम कैफ़े के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित होकर प्रतिष्ठान के सफल संचालन, निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थापना स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करती है तथा शहर के व्यापारिक विकास को नई गति प्रदान करती है।

इसके पश्चात श्री अग्रवाल सरकंडा स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित जैविक कृषि कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यशाला में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए इसके व्यापक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र को अधिक समृद्ध, आधुनिक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पादन, किसान हितैषी योजनाओं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि किसान आधुनिक तकनीक के साथ-साथ प्रकृति के अनुकूल खेती की पद्धतियों को भी अपनाएं।

उन्होंने कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती केवल खेती का विकल्प नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। इससे उत्पादन लागत में कमी आती है, भूमि की उर्वरता एवं जैव विविधता संरक्षित रहती है, पर्यावरण संतुलन मजबूत होता है तथा लोगों को रसायनमुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध होता है। यह खेती आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है।

श्री अग्रवाल ने किसानों से जैविक खेती को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्राकृतिक खेती इस दिशा में एक सशक्त माध्यम बन सकती है।

इसी क्रम में श्री अग्रवाल बिलासागढ़ श्री चंद्रपुरिहा कसौधन वैश्य समाज द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं समाज की प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि समाज के संस्कार, शिक्षा और प्रगति का उत्सव है। युवा पीढ़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से समाज तथा राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!