8 अगस्त को खुलेगा ‘टॉक्सिक’ का राज़

8 अगस्त को आएगा ‘टॉक्सिक’ का धमाकेदार ट्रेलर
मुंबई /अनिल बेदाग : रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब एक बड़े पड़ाव पर पहुंच गया है। फिल्म के मेकर्स ने यश के किरदार ‘राया’ की रहस्यमयी झलक वाला नया पोस्टर जारी करते हुए ऐलान कर दिया है कि इसका बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज होगा। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी तेज हो गई है।
नए पोस्टर में ‘राया’ की सिल्हूट दिखाई देती है और उसके हाथ में नजर आती टॉमी गन फिल्म की रॉ, डार्क और रहस्यमयी दुनिया की ओर इशारा करती है। हालांकि, मेकर्स ने इस बार भी कहानी का राज खोलने के बजाय रहस्य को और गहरा कर दिया है। यही रणनीति अब तक ‘टॉक्सिक’ के कैंपेन की खासियत रही है। हर पोस्टर और टीज़र ने दर्शकों को कुछ नया दिखाया, लेकिन कहानी के सबसे अहम सवालों के जवाब जानबूझकर छिपाए रखे।
अब निगाहें 8 अगस्त पर टिकी हैं, जब ट्रेलर बेंगलुरु में भव्य अंदाज में लॉन्च किया जाएगा। यह मौका इसलिए भी खास है क्योंकि बेंगलुरु यश और केवीएन प्रोडक्शंस का होम स्टेट है। इतना ही नहीं, 8 अगस्त को फिल्म की शूटिंग शुरू हुए पूरे दो साल भी पूरे हो जाएंगे। ऐसे में ट्रेलर लॉन्च की तारीख अपने आप में खास महत्व रखती है।
अब तक सामने आई झलकियों ने ‘टॉक्सिक’ की दुनिया को लेकर दर्शकों की कल्पना को लगातार हवा दी है। शानदार विजुअल्स, रहस्यमयी इमेजरी और यश के दमदार अंदाज ने फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ाई है। माना जा रहा है कि ट्रेलर इस रहस्य की दुनिया का दायरा और बड़ा करेगा और दर्शकों को ‘राया’ के सफर, फिल्म के किरदारों और इसके भव्य स्केल की पहली विस्तृत झलक देगा।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ शूट की गई यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में भी रिलीज होगी।
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026, बुधवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब 8 अगस्त का ट्रेलर यह तय करेगा कि ‘टॉक्सिक’ की अब तक बुनी गई रहस्यमयी दुनिया दर्शकों की उम्मीदों को किस हद तक और कितना रोमांचित करती है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *