माय भारत स्वयंसेवकों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के तहत ली शपथ

 

 

संकल्प चक्र और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

बिलासपुर. सीएमडी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ (MY Bharat) अभियान के अंतर्गत ‘100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत ‘राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और माय भारत स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
आयोजन के दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों ने आकर्षक ‘संकल्प चक्र’ का निर्माण किया और सभी को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई। युवाओं ने एक सशक्त नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे से परिवारों और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाया और नशा मुक्ति का कड़ा संदेश दिया। इसके साथ ही एक ‘सिग्नेचर वॉल’ स्थापित की गई, जिस पर अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्त अभियान के प्रति अपना समर्थन दर्ज किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत के उप निदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने कहा, “एक सशक्त और विकसित भारत की नींव केवल स्वस्थ और जागरूक युवा पीढ़ी पर ही रखी जा सकती है। नशा न केवल व्यक्ति की ऊर्जा और प्रतिभा को नष्ट करता है, बल्कि राष्ट्र की प्रगति को भी रोकता है। आज के युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। जब युवा नशा मुक्त होंगे, तभी भारत वास्तव में विकसित भारत बनेगा।”

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री के. के. शुक्ला ने अपने वक्तव्य में कहा, “शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में उच्च नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों का संचार करना भी है। सीएमडी कॉलेज हमेशा समाज सुधार से जुड़े ऐसे अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। युवाओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और संकल्प चक्र का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।” इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित लहरे, श्री मोहनलाल सोनी, डॉ किरण प्रसाद ,दीपक सेठ, नमन तथा माय भारत एंबेसडर लोकेश ओगरे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माय भारत स्वयंसेवक नारायण रात्रे, जिया वारे, चंचल, जितेन्द्र, तनु, आर्यन, पुष्पराज, सिमरन, कुनाल, आयुष, पुष्पा, कशिश, लवली, मनजीत, राम, विपिन, विनीत, निशा, प्राची, सोनिया, कृष लहरे, अजय सिंह एवं खगेश दर्शन का सराहनीय योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *